खरीफ सीजन 2026 से पहले उत्तर प्रदेश सरकार ने किसानों के लिए बड़ी तैयारी पूरी कर ली है। सरकार और कृषि विभाग ने बीज और उर्वरकों की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने का दावा किया है ताकि किसानों को खेती के दौरान किसी तरह की परेशानी न हो। कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने कहा कि सरकार किसानों को हर संभव सहायता देने के लिए प्रतिबद्ध है और इस बार खरीफ सीजन को लेकर पहले से ही व्यापक इंतजाम कर लिए गए हैं।
15 मई से मिलेगा धान बीज
कृषि मंत्री के मुताबिक इस सीजन किसानों को धान उड़द मूंग तिल और मोटे अनाजों के कुल 1 लाख 96 हजार 117 क्विंटल बीज 50 प्रतिशत सब्सिडी पर उपलब्ध कराए जाएंगे। इसके अलावा दलहन और तिलहन फसलों के मिनी किट भी बांटे जाएंगे। सरकार ने 15 मई से 80 हजार क्विंटल धान बीज वितरण शुरू करने की घोषणा की है। विभाग का दावा है कि सभी जिलों में बीज की आपूर्ति पहले ही सुनिश्चित कर दी गई है ताकि किसानों को समय पर सुविधा मिल सके।
दलहन और मक्का पर फोकस
राष्ट्रीय दलहन आत्मनिर्भरता मिशन के तहत इस साल बड़ी मात्रा में दलहन बीज उपलब्ध कराए जाएंगे। जानकारी के अनुसार उड़द मूंग और अरहर के लिए अलग अलग लक्ष्य तय किए गए हैं। इसके साथ ही मूंगफली उत्पादन को बढ़ावा देने के लिए भी किसानों को अनुदान पर बीज दिए जाएंगे। सरकार ने मक्का विकास कार्यक्रम के तहत हाइब्रिड मक्का बीज उपलब्ध कराने की भी तैयारी की है ताकि उत्पादन बढ़ाने में मदद मिल सके और किसानों की आय मजबूत हो सके।
खाद का बड़ा स्टॉक तैयार
सरकार ने उर्वरकों की उपलब्धता को लेकर भी बड़ी तैयारी की है। प्रदेशभर में इस समय करीब 27 लाख 54 हजार मीट्रिक टन खाद का स्टॉक मौजूद बताया गया है। इसमें यूरिया एनपीके एसएसपी और पोटाश की बड़ी मात्रा शामिल है। कृषि विभाग ने किसानों से अपील की है कि वे जमीन की उर्वरता बनाए रखने के लिए संतुलित मात्रा में खाद का इस्तेमाल करें। सरकार का कहना है कि इस बार खाद की कमी जैसी स्थिति नहीं आने दी जाएगी।
कालाबाजारी पर सख्ती
उर्वरकों की कालाबाजारी रोकने के लिए सरकार ने सख्त कदम उठाने शुरू कर दिए हैं। कई जिलों में विशेष जांच टीमें भेजी जा रही हैं ताकि अवैध भंडारण और तस्करी पर नजर रखी जा सके। हाल ही में बुलंदशहर में बड़ी कार्रवाई करते हुए पुलिस और कृषि विभाग ने तीन ट्रकों से बड़ी मात्रा में यूरिया बरामद किया था। इस मामले में कई लोगों के खिलाफ आवश्यक वस्तु अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई है।
सरकार की चेतावनी
कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने साफ चेतावनी दी है कि खाद की तस्करी और कालाबाजारी में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने कहा कि जरूरत पड़ने पर राष्ट्रीय सुरक्षा कानून के तहत भी कार्रवाई की जा सकती है। सरकार का दावा है कि इस बार किसानों को समय पर बीज और खाद उपलब्ध कराकर खरीफ सीजन को सफल बनाने पर पूरा ध्यान दिया जा रहा है ताकि उत्पादन बढ़े और किसानों को आर्थिक लाभ मिल सके।