मुरादाबाद को जल्द ही एक बड़ी सौगात मिलने जा रही है। बरेली से हल्द्वानी के बीच बनने वाले ग्रीनफील्ड एक्सप्रेस-वे से अब मुरादाबाद को भी जोड़ा जाएगा। सरकार की इस योजना से जिले के व्यापार, पर्यटन और कनेक्टिविटी को जबरदस्त फायदा मिलने की उम्मीद है। करीब 100 किलोमीटर लंबे इस एक्सप्रेस-वे के लिए जमीन का सीमांकन कार्य शुरू हो चुका है। इलाके के लोगों और कारोबारियों में इसे लेकर भारी उत्साह दिखाई दे रहा है। खासतौर पर पीतल उद्योग से जुड़े व्यापारी इसे मुरादाबाद की अर्थव्यवस्था के लिए बड़ा बदलाव मान रहे हैं।
पीतल कारोबार को मिलेगी ताकत
मुरादाबाद को दुनिया भर में पीतल नगरी के नाम से जाना जाता है। यहां बनने वाली मूर्तियां, दीये, ट्रे, घंटियां, अगरबत्ती स्टैंड और सजावटी सामान विदेशों तक निर्यात किए जाते हैं। अब इस एक्सप्रेस-वे से जुड़ने के बाद कारोबार को नई रफ्तार मिलने की उम्मीद है। पीतल कारोबारियों का कहना है कि उत्तराखंड के धार्मिक और पर्यटन क्षेत्रों से बेहतर कनेक्टिविटी बनने के बाद व्यापार में बड़ा उछाल आ सकता है। मुरादाबाद के निर्यातक सलमान के मुताबिक सरकार लगातार उद्योग को बढ़ावा देने के लिए काम कर रही है और यह नया कॉरिडोर व्यापारियों के लिए बेहद फायदेमंद साबित होगा।
दिल्ली से उत्तराखंड का सफर होगा आसान
NHAI की योजना के अनुसार इस एक्सप्रेस-वे को मुरादाबाद-बरेली हाईवे से जोड़ा जाएगा। इसका सबसे बड़ा फायदा यह होगा कि दिल्ली और पश्चिमी उत्तर प्रदेश से आने वाले वाहन सीधे एक्सप्रेस-वे पर पहुंच सकेंगे। इससे बरेली शहर के ट्रैफिक से बचते हुए लोग आसानी से उत्तराखंड पहुंच पाएंगे। यह सड़क नेटवर्क उत्तर प्रदेश और कुमाऊं क्षेत्र के बीच मजबूत कनेक्टिविटी तैयार करेगा। इससे यात्रा का समय कम होगा और मालवाहक वाहनों को भी राहत मिलेगी। कारोबारियों का मानना है कि यह परियोजना पूरे क्षेत्र के लिए गेम चेंजर साबित हो सकती है।
पर्यटन उद्योग को भी होगा फायदा
इस एक्सप्रेस-वे के बनने से नैनीताल, भीमताल, रानीखेत और अल्मोड़ा जैसे पर्यटन स्थलों तक पहुंच आसान हो जाएगी। इससे उत्तराखंड के पर्यटन उद्योग को भी बड़ा फायदा मिलने की उम्मीद है। वहीं दूसरी तरफ मुरादाबाद का पीतल उद्योग, रामपुर का लकड़ी कारोबार और कृषि उत्पाद पहाड़ी इलाकों तक कम समय में पहुंच सकेंगे। इससे ट्रांसपोर्ट लागत में कमी आएगी और व्यापारियों को नई बाजार सुविधाएं मिलेंगी।
लोगों में दिख रहा उत्साह
ग्रीनफील्ड एक्सप्रेस-वे को लेकर इलाके में सकारात्मक माहौल देखने को मिल रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि इससे रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे और क्षेत्र का तेजी से विकास होगा। सरकार की इस परियोजना को मुरादाबाद और आसपास के जिलों के लिए बड़ी आर्थिक ताकत माना जा रहा है। आने वाले समय में यह एक्सप्रेस-वे पश्चिमी उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड के बीच सबसे अहम कनेक्टिविटी मार्ग बन सकता है।