तमिलनाडु में विजय का सत्ता रास्ता साफ, वाम दलों के समर्थन से मिला बहुमत

Vijay TVK Majority In Tamil Nadu

विजय की पार्टी टीवीके को तमिलनाडु में बड़ा राजनीतिक समर्थन मिल गया है। वामपंथी दलों ने विजय की पार्टी के साथ जाने का फैसला कर लिया है। कम्युनिस्ट पार्टी ऑफ इंडिया, सीपीएम और वीसीके ने टीवीके को समर्थन देकर सरकार गठन का रास्ता लगभग साफ कर दिया है। तमिलनाडु विधानसभा चुनाव में टीवीके 108 सीटों के साथ सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी थी, लेकिन बहुमत के लिए जरूरी आंकड़े से पीछे रह गई थी। अब नए सहयोगियों के साथ विजय बहुमत के जादुई आंकड़े तक पहुंच गए हैं।

कैसे पूरा हुआ बहुमत का आंकड़ा

तमिलनाडु विधानसभा में बहुमत के लिए 118 सीटों की जरूरत है। टीवीके के पास 108 सीटें थीं। वहीं विजय खुद दो सीटों पर चुनाव जीते थे। इसके बाद कांग्रेस ने समर्थन देते हुए अपनी 5 सीटें टीवीके को देने का फैसला किया। इस तरह विजय के समर्थन में कुल 113 विधायक हो गए। अब सीपीआई के 2, सीपीएम के 2 और वीसीके के 2 विधायकों के समर्थन से यह आंकड़ा 119 तक पहुंच गया है। यानी विजय अब बहुमत से एक सीट आगे निकल चुके हैं।

राज्यपाल से फिर होगी मुलाकात

सूत्रों के मुताबिक विजय जल्द ही सहयोगी दलों के नेताओं के साथ राज्यपाल राजेंद्र आर्लेकर से मुलाकात कर सरकार बनाने का दावा पेश करेंगे। इससे पहले विजय दो बार राज्यपाल से मिल चुके थे, लेकिन उन्हें पर्याप्त समर्थन पत्र न होने के कारण वापस लौटा दिया गया था। राज्यपाल ने स्पष्ट कहा था कि सरकार बनाने का दावा पेश करने के लिए 118 विधायकों का समर्थन जरूरी होगा। अब टीवीके इस आंकड़े तक पहुंच चुकी है।

वाम दलों ने की औपचारिक तैयारी

जानकारी के अनुसार सीपीआई और सीपीएम की राज्य कमेटी बैठकों में टीवीके को समर्थन देने पर सहमति बन गई है। वहीं विदुथलाई चिरुथैगल काची ने भी विजय के साथ जाने का फैसला किया है। माना जा रहा है कि सभी दलों के नेता संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस कर औपचारिक ऐलान कर सकते हैं। तमिलनाडु की राजनीति में इस घटनाक्रम को बेहद अहम माना जा रहा है क्योंकि इससे सत्ता समीकरण पूरी तरह बदल गए हैं।

त्रिशंकु विधानसभा का खत्म हुआ संकट

तमिलनाडु चुनाव के बाद किसी भी दल को स्पष्ट बहुमत नहीं मिला था। ऐसे में त्रिशंकु विधानसभा की स्थिति बन गई थी। टीवीके सबसे बड़ी पार्टी होने के बावजूद सरकार नहीं बना पा रही थी। कांग्रेस के समर्थन के बाद भी विजय बहुमत से दूर थे, लेकिन अब वाम दलों के समर्थन से तस्वीर पूरी तरह बदल गई है। राजनीतिक विशेषज्ञ मान रहे हैं कि विजय अब जल्द ही मुख्यमंत्री पद की शपथ ले सकते हैं।

राजनीति में नया अध्याय शुरू

तमिलनाडु की राजनीति लंबे समय से द्रमुक और अन्नाद्रमुक के इर्द-गिर्द घूमती रही है। लेकिन इस चुनाव में विजय की एंट्री ने पूरे समीकरण बदल दिए। अब टीवीके के नेतृत्व में नई सरकार बनने की संभावना ने राज्य की राजनीति में नया अध्याय शुरू कर दिया है। सभी की नजर अब राज्यपाल के अगले फैसले और सरकार गठन की प्रक्रिया पर टिकी हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *