पश्चिम बंगाल के उत्तर 24 परगना जिले में बीजेपी नेता शुभेंदु अधिकारी के पीए चंद्रनाथ रथ की हत्या के बाद माहौल पूरी तरह गमगीन हो गया है। सबसे ज्यादा चर्चा उनकी मां हासिरानी रथ के उस बयान की हो रही है जिसमें उन्होंने कहा कि वह आरोपियों को फांसी नहीं बल्कि उम्रकैद दिलाना चाहती हैं। बेटे की तस्वीर के सामने बैठी मां बार-बार रो पड़ती हैं और कहती हैं कि उनका बेटा किसी का बुरा नहीं करता था।
परिवार में मातम
चंद्रनाथ रथ की हत्या के बाद उनके घर पर लगातार लोगों की भीड़ लगी हुई है। परिवार का कहना है कि अगर मौत किसी हादसे में होती तो शायद इतना दर्द नहीं होता लेकिन जिस तरह हमला किया गया उसने सबको तोड़ दिया। हासिरानी रथ ने आरोप लगाया कि शुभेंदु अधिकारी और ममता बनर्जी के बीच राजनीतिक टकराव बढ़ने के बाद से ही उनके परिवार पर खतरा मंडरा रहा था।
कैसे हुआ हमला
पुलिस के मुताबिक चंद्रनाथ रथ मध्यमग्राम इलाके से अपनी कार में गुजर रहे थे तभी एक कार और बाइक ने उनका पीछा करना शुरू कर दिया। बताया जा रहा है कि कार ने उनकी गाड़ी को ओवरटेक कर धीमा किया और फिर बाइक सवार हमलावर बेहद करीब आ गए। इसके बाद ताबड़तोड़ गोलियां चलाई गईं। चंद्रनाथ रथ को सीने, पेट और सिर में गोली लगी। अस्पताल ले जाने के बाद डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
ड्राइवर भी घायल
हमले में कार चालक भी घायल हुआ है जिसका इलाज कोलकाता के अस्पताल में चल रहा है। पुलिस उसे इस पूरे मामले का सबसे अहम चश्मदीद मान रही है। शुरुआती जांच में सामने आया है कि हमलावरों की बाइक पर नंबर प्लेट नहीं थी। इसी वजह से पुलिस इसे पूरी तरह सुनियोजित हमला मान रही है। घटनास्थल से मिले कारतूसों की फॉरेंसिक जांच भी शुरू कर दी गई है।
सुपारी एंगल जांच में
पुलिस अब इस मामले में सुपारी किलर्स एंगल से भी जांच कर रही है। तीन स्थानीय हिस्ट्रीशीटरों से पूछताछ की जा रही है लेकिन मुख्य हमलावर अब भी फरार बताए जा रहे हैं। जांच एजेंसियां सीसीटीवी फुटेज, मोबाइल लोकेशन और तकनीकी सबूतों के जरिए आरोपियों तक पहुंचने की कोशिश कर रही हैं। हत्या के बाद पूरे इलाके में सुरक्षा बढ़ा दी गई है।
सियासत फिर गरमाई
चंद्रनाथ रथ की हत्या के बाद बंगाल की राजनीति एक बार फिर गरमा गई है। बीजेपी लगातार टीएमसी पर निशाना साध रही है जबकि टीएमसी इन आरोपों को राजनीति से प्रेरित बता रही है। लेकिन इन आरोप-प्रत्यारोपों के बीच सबसे ज्यादा दर्द उस मां के चेहरे पर दिखाई दे रहा है जो बार-बार बेटे की तस्वीर देखकर रो पड़ती हैं और सिर्फ इतना कहती हैं कि जिसने यह किया उसे जिंदगीभर अपने किए का एहसास होना चाहिए।