मेरठ में बकरीद से पहले पुलिस का सख्त एक्शन देखने को मिला है। एसपी सिटी विनायक गोपाल भोंसले खुद पुलिस टीम के साथ शहर के चिन्हित गैंगस्टर सलमान के घर पहुंचे। इस दौरान उन्होंने परिवार के लोगों से साफ शब्दों में कहा कि अगर इलाके में कानून व्यवस्था खराब करने की कोशिश हुई तो बेहद कड़ी कार्रवाई की जाएगी। इस पूरी कार्रवाई का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
‘अवैध कमाई से बना घर भी जाएगा’
वीडियो में एसपी सिटी गैंगस्टर के घर की तरफ इशारा करते हुए कहते दिखाई दे रहे हैं कि अगर किसी भी तरह माहौल खराब करने की कोशिश हुई तो सिर्फ कानूनी कार्रवाई ही नहीं बल्कि अवैध तरीके से बनाई गई संपत्ति भी जब्त की जाएगी। उन्होंने परिवार के लोगों से कहा कि यह संदेश सीधे सलमान तक पहुंचा दिया जाए। पुलिस अधिकारियों की इस सख्त चेतावनी के बाद इलाके में काफी चर्चा शुरू हो गई है।
‘दोबारा समझाने की जरूरत नहीं पड़े’
एसपी सिटी ने साफ कहा कि अगर किसी भी व्यक्ति ने खुद या अपने साथियों के जरिए शांति व्यवस्था बिगाड़ने की कोशिश की तो गैंगस्टर एक्ट समेत सभी कानूनी धाराओं में कार्रवाई होगी। उन्होंने यह भी कहा कि जिला बदर खत्म होने के बाद जो लोग फिर से इलाके में सक्रिय होने की कोशिश कर रहे हैं, उन्हें भी चेतावनी दे दी जाए। पुलिस का कहना है कि अपराध और दबंगई किसी भी हालत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
जिला बदर था गैंगस्टर सलमान
जानकारी के मुताबिक सलमान मेरठ के कोतवाली क्षेत्र का रहने वाला है और उस पर कई आपराधिक मामले दर्ज बताए जा रहे हैं। वह जिला बदर चल रहा था। हाल ही में उसके शहर में दोबारा दिखाई देने की सूचना मिलने के बाद पुलिस हरकत में आई। इसी के बाद एसपी सिटी खुद उसके घर पहुंचे, जहां उनका भाई आमिर मिला। पुलिस ने वहीं परिवार को सख्त चेतावनी दी।
युवाओं को अपराध से बचाने की बात
एसपी सिटी विनायक गोपाल भोंसले ने कहा कि ऐसे चिन्हित अपराधी अपने आसपास के युवाओं को भी गलत रास्ते पर ले जाते हैं। पुलिस का उद्देश्य सिर्फ कार्रवाई करना नहीं बल्कि युवाओं को अपराध की दुनिया से बचाना भी है। उन्होंने कहा कि अगर भविष्य में किसी तरह की आपराधिक गतिविधि सामने आई तो पुलिस पूरी सख्ती से निपटेगी।
सोशल मीडिया पर वायरल हुआ वीडियो
इस कार्रवाई का वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर लोग पुलिस के सख्त रवैये की चर्चा कर रहे हैं। कई लोग इसे अपराधियों के खिलाफ बड़ा संदेश बता रहे हैं। वहीं कुछ लोग इसे त्योहारों से पहले पुलिस की विशेष सतर्कता से जोड़कर देख रहे हैं।







Leave a Reply