हरिद्वार में यूपी के युवकों का हंगामा, गंगा घाट पर हुड़दंग के बाद पुलिस का बड़ा एक्शन

Posted by

उत्तराखंड के हरिद्वार में बुधवार शाम उस समय हड़कंप मच गया जब उत्तर प्रदेश के बागपत से आए चार युवकों ने नशे की हालत में जमकर हुड़दंग मचाया। हर की पैड़ी और मुख्य बाजार क्षेत्र में इन युवकों ने राहगीरों और महिलाओं के साथ अभद्र व्यवहार किया। गंगा आरती के बाद भारी भीड़ के बीच चारों युवक शराब के नशे में झूमते नजर आए। उनकी हरकतों से श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों में नाराजगी फैल गई। किसी स्थानीय व्यक्ति ने पूरे घटनाक्रम का वीडियो रिकॉर्ड कर लिया, जो देखते ही देखते सोशल मीडिया पर वायरल हो गया।

महिलाओं से बदसलूकी का आरोप
स्थानीय लोगों के मुताबिक आरोपी युवक बाजार में महिलाओं को जानबूझकर धक्का मार रहे थे और दुकानदारों को परेशान कर रहे थे। नशे में धुत चारों युवकों की चाल और हरकतें देखकर लोग भड़क उठे। बताया गया कि वे लगातार शोर-शराबा कर रहे थे और माहौल खराब करने की कोशिश कर रहे थे। वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस को पूरे मामले की सूचना दी गई। इसके बाद हर की पौड़ी चौकी पुलिस तुरंत सक्रिय हुई और आरोपियों की तलाश शुरू कर दी।

गंगा घाट पर भी मचाया उत्पात
मुख्य बाजार में हंगामे के बाद चारों युवक हर की पैड़ी गंगा घाट पहुंच गए। वहां भी उन्होंने हद पार कर दी। पुलिस के मुताबिक युवक गंगा में उतरकर अशोभनीय हरकतें कर रहे थे और श्रद्धालुओं को परेशान कर रहे थे। सूचना मिलते ही चौकी प्रभारी संजीत कंडारी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने चारों युवकों को गंगा से बाहर निकालकर हिरासत में ले लिया। जांच में पता चला कि सभी आरोपी बागपत जिले के थाना खेकड़ा क्षेत्र के रहने वाले हैं और शराब के नशे में थे।

पुलिस कार्रवाई के बाद छोड़े गए आरोपी
पुलिस ने चारों युवकों के खिलाफ पुलिस एक्ट के तहत कार्रवाई की। चालान काटने और लिखित माफी के बाद उन्हें छोड़ दिया गया। हालांकि इस घटना ने हरिद्वार में सुरक्षा और आस्था के माहौल को लेकर बड़ा सवाल खड़ा कर दिया है। स्थानीय लोगों का कहना है कि तीर्थ स्थलों पर इस तरह की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं, जिससे श्रद्धालुओं की भावनाएं आहत होती हैं।

तीर्थ पुरोहितों ने जताया गुस्सा
घटना को लेकर तीर्थ पुरोहितों में भी भारी नाराजगी देखने को मिली। तीर्थ पुरोहित उज्ज्वल पंडित ने कहा कि अगर समय रहते पुलिस कार्रवाई नहीं करती तो बड़ा विवाद हो सकता था। उन्होंने साफ कहा कि हरिद्वार की आस्था और मर्यादा के साथ खिलवाड़ किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि उत्तराखंड के लोग किसी राज्य विशेष के खिलाफ नहीं हैं, लेकिन धार्मिक स्थलों पर अशांति फैलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जरूरी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *