समाजवादी परिवार से जुड़े प्रतीक यादव की अस्थियों का शनिवार को हरिद्वार में गंगा में विसर्जन किया गया। इस दौरान एक ऐसा भावुक दृश्य सामने आया जिसने हर किसी की आंखें नम कर दीं। प्रतीक यादव की छोटी बेटी ने “I Love You Papa” लिखा एक कार्ड गंगा में प्रवाहित किया। इस दौरान घाट पर मौजूद परिवार के सदस्य खुद को संभाल नहीं पाए और माहौल बेहद भावुक हो गया।
पूरे विधि-विधान से हुई पूजा
अस्थि विसर्जन से पहले हरिद्वार के घाट पर पुरोहितों ने विधि-विधान के साथ पूजा और अनुष्ठान कराया। इस दौरान सांसद आदित्य यादव ने पूजा की प्रक्रिया पूरी कराई। कार्यक्रम में योग गुरु बाबा रामदेव भी मौजूद रहे। परिवार के कई सदस्य घाट पर मौजूद दिखाई दिए और पूरे धार्मिक रीति-रिवाज के साथ रस्में निभाई गईं।
कलश से लिपटकर रो पड़ी बेटी
पूजा पूरी होने के बाद जैसे ही अस्थि कलश विसर्जन के लिए आगे बढ़ाया गया, उस समय भावनात्मक दृश्य देखने को मिला। प्रतीक यादव की छोटी बेटी ने अस्थि कलश को अपने माथे से लगाया और भावुक होकर रोने लगी। पिता को आखिरी विदाई देते हुए बेटी की आंखों में आंसू और हाथ में पकड़ा कार्ड सभी को भावुक कर गया।
अपर्णा यादव भी हुईं भावुक
अस्थि कलश लेकर घाट पर पहुंचीं अपर्णा यादव भी खुद को संभाल नहीं सकीं। वह फूट-फूटकर रोती नजर आईं। परिवार के सदस्यों ने उन्हें संभाला। पूरे समय उनकी दोनों बेटियां उनके साथ मौजूद रहीं। परिवार के चेहरे पर गहरा दुख साफ दिखाई दे रहा था और हर किसी की आंखें नम थीं।
लखनऊ से हरिद्वार तक का सफर
शनिवार दोपहर अपर्णा यादव परिवार के साथ चार्टर्ड विमान से लखनऊ से देहरादून पहुंचीं। वहां से सभी सड़क मार्ग के जरिए हरिद्वार रवाना हुए। तेज प्रताप यादव अस्थि कलश लेकर आगे चलते दिखाई दिए जबकि आदित्य यादव और अक्षय यादव भी परिवार के साथ मौजूद रहे।
13 मई को हुआ था निधन
प्रतीक यादव का 13 मई को लखनऊ में 38 वर्ष की उम्र में निधन हो गया था। अगले दिन उनका अंतिम संस्कार किया गया था। प्रतीक यादव, मुलायम सिंह यादव की दूसरी पत्नी साधना गुप्ता के बेटे थे। उनकी पत्नी अपर्णा यादव वर्तमान में उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की उपाध्यक्ष हैं। हरिद्वार में हुआ यह अस्थि विसर्जन परिवार के लिए बेहद भावुक और यादगार पल बन गया।







Leave a Reply